🔊
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर चम्पावत पुलिस का विशेष अभियान शुरू,स्कूल-कॉलेजों के 100 मीटर क्षेत्र में तंबाकू सेवन व बिक्री पर होगी सख्त कार्रवाई
चम्पावत, 29 मई 2025:
विश्व तंबाकू निषेध दिवस (31 मई) को सफल बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति के निर्देश पर चम्पावत पुलिस ने जिले भर में तंबाकू विरोधी विशेष अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत जनपद के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्कूल और कॉलेज परिसरों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू का सेवन करने और बेचने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाएं।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सार्वजनिक स्थलों, विशेषकर शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू सेवन और बिक्री को पूरी तरह रोका जाए और कोटपा एक्ट (COTPA - Cigarettes and Other Tobacco Products Act) के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।
इस अभियान के तहत न केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी, बल्कि स्थानीय नागरिकों और छात्र-छात्राओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
जनपद चम्पावत पुलिस का यह कदम जिले को नशामुक्त और स्वस्थ समाज की दिशा में आगे ले जाने की एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।