🔊
लोहाघाट से बड़ी खबर- खीड़ी गांव में बारात का खाना बना फूड प्वाइजनिंग का कारण, दर्जनों ग्रामीण बीमार
चंपावत, 31 मई।
खीड़ी गांव में बारात के दौरान परोसे गए भोजन के बाद शुक्रवार रात करीब 10 बजे से ग्रामीणों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। अचानक कई लोग बीमार पड़ने से गांव में हड़कंप मच गया। स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों को आनन-फानन में लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय और चंपावत जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया तथा मामले की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) चंपावत डॉ. देवेश चौहान ने दोनों अस्पतालों में जाकर मरीजों की स्थिति का जायजा लिया और चिकित्सकों को उचित उपचार के दिशा-निर्देश दिए। डॉ. चौहान ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला फूड प्वाइजनिंग का प्रतीत हो रहा है, जो कि बारात में बने भोजन के सेवन से हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंचकर मरीजों का इलाज कर रही है, जबकि गंभीर मरीजों को अस्पतालों में भर्ती किया गया है। फिलहाल सभी मरीज स्थिर हालत में हैं और स्वास्थ्य विभाग हालात पर नजर बनाए हुए है।
सीएमओ ने बताया कि फूड इंस्पेक्टर को खाने और पानी के सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं ताकि विषाक्तता के कारणों की पुष्टि की जा सके। वहीं जिलाधिकारी चंपावत नवनीत पांडे और एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
मौके पर तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी भी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। ग्रामीणों के इलाज में फार्मेसी अधिकारी मनोज कुमार, अमित रतूड़ी, शालिनी वर्मा, निर्मला फिरमाल, उमेश जोशी और राकेश पंत सक्रिय रूप से जुटे रहे।
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की परेशानी की स्थिति में तुरंत स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें।
--