🔊
चम्पावत जल आपूर्ति परियोजना बनी मुसीबत, सड़कों की दुर्दशा से जनजीवन अस्त-व्यस्त
चम्पावत, 1 जून 2025
चम्पावत में जल आपूर्ति परियोजना का निर्माण कार्य अब स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। परियोजना में नेतृत्व और प्रबंधन की कमी, संसाधनों व श्रमिकों की भारी कमी, तथा स्थानीय ठेकेदारों के अनावश्यक हस्तक्षेप के चलते कार्य न केवल धीमा है, बल्कि अव्यवस्थित भी।
बाजार से ब्लॉक ऑफिस मार्ग, खेतीखान-भैरवां से लालुवापानी तक की सड़कें कीचड़ और धूल से सन चुकी हैं। जगह-जगह गड्ढे होने से दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
विशेष रूप से बीएसएनएल ऑफिस के पास कीचड़ के कारण आए दिन लोग फिसलकर गिरते देखे जा रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में सैकड़ों दोपहिया वाहन चालकों को इन बदहाल सड़कों के कारण वर्कशॉप का रुख करना पड़ा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जल परियोजना का काम बिना किसी उचित योजना और जन सुविधा का ध्यान रखे किया जा रहा है। इसके चलते न केवल ट्रैफिक बाधित हो रहा है, बल्कि पूरे शहर की सफाई व्यवस्था और स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है।
चौंकाने वाली बात यह है कि ना तो कोई जनप्रतिनिधि इस मुद्दे पर आवाज उठा रहा है, और ना ही प्रशासन की नजर इस अव्यवस्था पर है। जिम्मेदारी लेने के लिए कोई भी आगे नहीं आ रहा।
स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि जल परियोजना का काम जल्द पूर्ण कर व्यवस्थित रूप से किया जाए ताकि चम्पावत की जनता को राहत मिल सके।
---