🔊
जल संरक्षण अभियान-2025 के तहत SARRA द्वारा विकास खंड स्तरीय कार्यशाला आयोजित
चंपावत, 06 जून 2025:
स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (SARRA), चंपावत के तत्वावधान में जल संरक्षण अभियान-2025 के अंतर्गत आज विकास भवन सभागार, चंपावत में विकास खंड स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी श्री अशोक सिंह अधिकारी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में चंपावत की प्रशासक एवं ब्लॉक प्रमुख श्रीमती रेखा देवी उपस्थित रहीं।
कार्यशाला में "जल उत्सव पखवाड़ा" के तहत जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को जागरूक किया गया। खंड विकास अधिकारी श्री अधिकारी ने ग्रामीणों को जल संचय को जीवन संचय बताते हुए जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन पर विस्तार से चर्चा की।
विचार गोष्ठी में श्री एल.एल. वर्मा (ए.बी.डी.ओ.), श्री अंशुल आर्या (डी.पी.ओ.), श्री कमलेंद्र यादव (जिला भेषज समन्वयक) समेत कई अधिकारियों ने जल संरक्षण विषय पर अपने विचार साझा किए।
मुख्य अतिथि श्रीमती रेखा देवी ने सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए "भागीरथ एप" जैसे डिजिटल माध्यमों के जरिये जल संरक्षण को बढ़ावा देने पर बल दिया।
कार्यक्रम का संचालन SARRA के सोशल कोऑर्डिनेटर श्री हरीश भट्ट ने किया और कार्यक्रम की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। अंत में खंड विकास अधिकारी द्वारा सभी उपस्थितों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया और भागीरथ एप के उपयोग को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान डूंगरसेठी श्रीमती हेमा चौधरी, ग्राम प्रधान मौराडी श्रीमती भवानी देवी सहित सामाजिक कार्यकर्ता पवन बोहरा, सूरज, मुकुल व ब्लॉक कर्मचारी तथा क्षेत्रीय ग्रामीणों सहित कुल 67 लोग उपस्थित रहे।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: