🔊
देहरादून से लापता युवक का शव टिहरी के कोटेश्वर बांध की झील से बरामद, आत्महत्या की आशंका
टिहरी/देहरादून, 8 जून 2025
चार जून से लापता चल रहे देहरादून निवासी युवक मनु कुमार (25) का शव टिहरी जनपद स्थित कोटेश्वर बांध की झील से बरामद हुआ है। एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने शनिवार देर शाम शव को बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि स्पष्ट कारणों के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच का इंतजार किया जा रहा है।
थानाध्यक्ष अजय जाटव के अनुसार, शनिवार शाम लगभग चार बजे क्यारी गांव के एक ग्रामीण ने कोटेश्वर पुलिस चौकी को सूचना दी कि कुंजेश्वर महादेव मंदिर के नीचे झील में एक शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला।
शव की शिनाख्त तत्काल नहीं हो सकी। रविवार सुबह जब मृतक के परिजन बौराड़ी अस्पताल पहुंचे, तब शव की पहचान मूल रूप से बिजनौर निवासी और वर्तमान में सेवलाकला, देहरादून में रहने वाले मनु कुमार पुत्र सौरव कुमार के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार मनु देहरादून में इलैक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाता था और बिजनौर में उसका गोदाम था। चार जून को वह घर से कार लेकर बिजनौर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन फिर उसका कोई संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद परिजनों ने देहरादून थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
देहरादून पुलिस की जांच में उसकी अंतिम मोबाइल लोकेशन चंबा क्षेत्र में पाई गई थी, जिसके बाद परिजन भी उसे टिहरी क्षेत्र में तलाश रहे थे। अभी तक उसकी कार भी बरामद नहीं हुई है और न ही कोई सुसाइड नोट मिला है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।