🔊
लिलियम की खुशबू से महकता चम्पावत: खेती में नवाचार और आत्मनिर्भरता की मिसाल बना धारित्री एग्रो फार्म
चम्पावत, 09 जून 2025 | सूवि
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की आदर्श जनपद चम्पावत की परिकल्पना अब धरातल पर साकार होती दिख रही है। जनपद के लोहाघाट विकासखंड में स्थित धारित्री एग्रो प्राइवेट लिमिटेड इस विकास यात्रा का एक चमकता हुआ उदाहरण बनकर उभरा है, जहाँ विश्वप्रसिद्ध लिलियम फूल की व्यावसायिक खेती न केवल सौंदर्य बिखेर रही है, बल्कि आत्मनिर्भरता की राह भी प्रशस्त कर रही है।
हॉलैंड के बाद लिलियम फूल की वैश्विक लोकप्रियता को देखते हुए अब चम्पावत से भी इस फूल की दिल्ली, मुंबई जैसे बड़े बाजारों में आपूर्ति की जा रही है। फार्म से हर वर्ष करीब 15,000 बंचेस का उत्पादन हो रहा है, जिससे 1 करोड़ रुपये से अधिक की आय अर्जित हो रही है।
यह पॉलीहाउस आधारित फार्म मल्टी-लेयर क्रॉपिंग मॉडल पर भी कार्य कर रहा है, जहाँ लिलियम के साथ-साथ सेब और मौसमी सब्जियां भी उगाई जा रही हैं। यह फार्म 14–15 स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के साथ-साथ पलायन की रोकथाम में भी अहम भूमिका निभा रहा है।
यह पहल कृषि में नवाचार और ग्रामीण संसाधनों के समुचित उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। चम्पावत की धरती अब सिर्फ फूल नहीं, भविष्य की खुशबू और आत्मनिर्भरता का संदेश भी फैला रही है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: