🔊
चम्पावत -नांगनाथ वार्ड में आवारा कुत्तों का आतंक, प्रशासन बेखबर
चम्पावत। नगर क्षेत्र के नांगनाथ वार्ड अंतर्गत नागार्जुन क्षेत्र में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक सिर चढ़कर बोल रहा है। आए दिन ये कुत्ते राह चलते लोगों पर हमला कर रहे हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी दहशत का माहौल है। खासतौर पर छोटे बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों ने कई बकरियों को निवाला बना लिया है। गरीब परिवारों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है, क्योंकि ये बकरियां ही उनकी आमदनी का मुख्य साधन थीं। इसके अलावा, कई लोगों को कुत्ते काट भी चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
लोगों ने बताया कि जंगलों में जाने वाले मवेशियों पर भी आवारा कुत्तों के हमले हो रहे हैं। आमजन भय के कारण जरूरी कार्यों के लिए भी घरों से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। क्षेत्रीय जनता ने नगर प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आवारा कुत्तों की समस्या का समाधान किया जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
संवाददाता, चम्पावत न्यूज