🔊
टनकपुर राजमार्ग पर खाई में गिरा टिप्पर, चालक गंभीर घायल, SDRF ने रेस्क्यू कर पहुंचाया अस्पताल
चंपावत।
टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग में स्वाला के समीप शुक्रवार देर रात एक टिप्पर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना शनिवार सुबह लगभग 7 बजे मिली, जिसके बाद स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से SDRF की टीम ने घायल चालक को रेस्क्यू कर जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात लगभग 12 बजे वाहन संख्या UK 03 1854 चंपावत से टनकपुर की ओर जा रहा था। स्वाला के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। वाहन चालक की पहचान 25 वर्षीय वसंत बल्लभ भट्ट पुत्र रुद्रमणि के रूप में हुई है, जो गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस व SDRF की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद चालक को खाई से बाहर निकाला गया। तत्काल जिला अस्पताल चंपावत में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि वाहन में चालक अकेला ही सवार था और वह माल लेकर चंपावत से टनकपुर की ओर जा रहा था। गनीमत रही कि सड़क पर अन्य वाहन मौजूद नहीं थे, जिससे एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।