🔊
टनकपुर में बाल श्रमिक रेस्क्यू अभियान, श्रमिक नहीं मिले; लोगों को किया गया जागरूक
चंपावत, 17 जून 2025
जनपद चंपावत के टनकपुर क्षेत्र में बाल श्रम के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन द्वारा 16 जून को बाल श्रमिक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री प्रकाश सिंह बृजवाल के निर्देशन में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों, होटलों, ढाबों, फल एवं सब्जी विक्रेताओं की गहन जांच की गई, किन्तु इस दौरान कोई भी बाल श्रमिक कार्यरत नहीं पाया गया। इस सकारात्मक स्थिति के साथ ही टीम द्वारा स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों को बाल श्रम उन्मूलन के प्रति जागरूक भी किया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी प्रतिष्ठान में बाल श्रमिक कार्य करते पाए गए, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्री देवेश पांडे, बाल कल्याण समिति (CWC) की अध्यक्षा श्रीमती आनंदी अधिकारी, संरक्षण अधिकारी श्रीमती मीनू पंत त्रिपाठी, चाइल्ड हेल्पलाइन की जिला समन्वयक श्रीमती संतोषी एवं श्रम विभाग के कनिष्ठ सहायक श्री सूरज बिष्ट सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
प्रशासन की यह सतर्कता और जनजागरूकता की पहल बाल श्रम के उन्मूलन की दिशा में एक सराहनीय प्रयास मानी जा रही है।