🔊
चम्पावत - पंचायत चुनाव को लेकर जिलाधिकारी सख्त, स्थानांतरण पर लगाई सशर्त रोक
18 जून 2025
जनपद चंपावत में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री नवनीत पांडे ने मंगलवार को एक अहम आदेश जारी किया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि यदि किसी अधिकारी का स्थानांतरण चंपावत से बाहर किसी अन्य जनपद में किया गया है, तो उसे तत्काल कार्यमुक्त नहीं किया जाएगा।
कार्यमुक्ति तब तक रोक दी जाएगी, जब तक कि उस अधिकारी के स्थान पर तैनात प्रतिस्थानी अधिकारी द्वारा योगदान आख्या प्रस्तुत नहीं कर दी जाती।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिस्थानी द्वारा कार्यभार ग्रहण करने के बाद ही स्थानांतरित अधिकारी को अनुमति प्रदान कर कार्यमुक्त किया जाएगा। यह निर्देश विशेष रूप से चुनाव अवधि में प्रशासनिक स्थिरता बनाए रखने और किसी भी अव्यवस्था से बचने के लिए जारी किया गया है।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि इस आदेश के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों और कार्यालयाध्यक्षों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सुगम, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।