🔊
पूर्णागिरि धाम मार्ग में बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन, 4000 श्रद्धालु सकुशल बचाए गए
टनकपुर (चंपावत), 18 जून 2025:
"सेवा और सुरक्षा के साथ संवेदनशीलता" की मिसाल पेश करते हुए चंपावत पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासनिक टीमों ने बरसाती नाले में फंसे लगभग 4000 श्रद्धालुओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
मां पूर्णागिरि धाम जाने वाले मार्ग पर बूम क्षेत्र स्थित बांटनगाड़ बरसाती नाले में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक चंपावत के निर्देश पर त्वरित रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
रेस्क्यू में टनकपुर कोतवाली पुलिस, फायर रेस्क्यू टीम, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए बरसात और मलवे से घिरे मार्ग से श्रद्धालुओं—जिनमें बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग सहित हजारों श्रद्धालु शामिल थे—को सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाया।
इस अद्भुत समन्वय और तत्परता के लिए श्रद्धालुओं द्वारा प्रशासन की सराहना की गई। यह रेस्क्यू ऑपरेशन न केवल प्रशासन की कार्यकुशलता का परिचायक है, बल्कि आमजन के प्रति संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का प्रमाण भी है।