🔊
पाटी पीएचसी में 24 घंटे सेवा वाला मॉडल डिलीवरी केंद्र शुरू, क्षेत्रीय महिलाओं को मिलेगा बड़ा लाभ
पाटी (चंपावत)।
पाटी ब्लॉक मुख्यालय स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में मंगलवार को मॉडल डिलीवरी केंद्र का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने संयुक्त रूप से किया। यह जिला का चौथा मॉडल डिलीवरी केंद्र है, जिसे मित्रा टेक्नोलॉजी फाउंडेशन के सहयोग से शुरू किया गया है।
24 घंटे मिलेगी प्रसव सेवा
इस मॉडल केंद्र की खास बात यह है कि यहां 24x7 प्रसव सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। पूर्व में पाटी पीएचसी में प्रतिमाह औसतन 25 से 30 प्रसव कराए जाते थे, लेकिन अब इस केंद्र के माध्यम से यह संख्या और अधिक होने की संभावना है। साथ ही, यह पीएचसी अब प्रशिक्षण केंद्र के रूप में भी विकसित होगा, जहां नवनियुक्त ANM और नर्सिंग स्टाफ को लेबर रूम में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मॉडल डिलीवरी केंद्रों का विस्तार
मित्रा फाउंडेशन की कॉर्डिनेटर ऐरिका दत्ता ने जानकारी दी कि फाउंडेशन ने वर्ष 2023 में पनिया एएनएम सेंटर से मॉडल डिलीवरी केंद्रों की शुरुआत की थी। इसके बाद 2024 में देवीधुरा और चौड़ामेहता में ऐसे केंद्र स्थापित किए गए थे। 2025 में अब पाटी में यह चौथा केंद्र स्थापित हुआ है।
सराहना और भविष्य की योजना
सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को अब नजदीक ही सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण प्रसव सुविधा मिलेगी। उन्होंने मित्रा फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की और बताया कि जिला प्रशासन द्वारा ऐसे और चार मॉडल डिलीवरी केंद्रों के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
उद्घाटन अवसर पर उपस्थित रहे
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अवनीश कुमार उपाध्याय, डॉ. इब्तिशाह, फार्मेसी अधिकारी प्रकाश सिंह खड़ायत, मित्रा फाउंडेशन से दीपक जोशी, नर्सिंग अधिकारी नेहा थापा, सुजाता, राजेंद्र पनेरू, रंजीत मेहता, विकास थ्वाल समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: