🔊
टनकपुर-पूर्णागिरी मार्ग पर दर्दनाक हादसा, तेज़ रफ़्तार मैक्स ने रॉंग साइड आकर मारी टक्कर, युवक की मौके पर मौत, 5 घायल
चंपावत, 22 जून 2025
टनकपुर-पूर्णागिरी मार्ग पर गैंडाखाली गांव के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेज़ रफ़्तार मैक्स ने रॉंग साइड से आकर सड़क किनारे खड़ी एक कार को ज़ोरदार टक्कर मार दी। कार में सवार लोग जन्मदिन का जश्न मना रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में पीछे बैठे निर्मल (35) पुत्र शिवराज, निवासी शिखरराज की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल पांच अन्य लोगों को तुरंत टनकपुर उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।
यह हादसा 21 जून की रात करीब 11 बजे गैंडाखाली रोड के पास हुआ। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग जन्मदिन की पार्टी के बाद सड़क किनारे खड़े होकर बातें कर रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही मैक्स ने उनकी गाड़ी को सीधी टक्कर मार दी।
घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है:
राकेश बोहरा (38) पुत्र रतन सिंह – मैक्स चालक
मोहित कनवाल (28) पुत्र हीरा सिंह, निवासी गैंडाखाली, टनकपुर
पवन सिंह कनवाल (25) पुत्र विष्णु सिंह कनवाल, निवासी गैंडाखाली
महेश बोरा (24) पुत्र राजेंद्र बोरा, निवासी गैंडाखाली नं. 03
योगेश सिंह (24) पुत्र स्व. गीम कल्याण सिंह, निवासी गैंडाखाली
पुलिस ने मृतक के पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।