🔊
टनकपुर: उफनते नाले में बाइक समेत बहा युवक, SDRF व पुलिस ने बचाई जान
चंपावत, 22 जून 2025 (सूवि):
टनकपुर-पूर्णागिरी मार्ग पर रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक युवक ने बारिश के कारण उफान पर आए किरोड़ा नाले को पार करने का दुस्साहस किया और तेज बहाव में बाइक समेत बह गया। समय रहते SDRF व पुलिस की सतर्कता से उसकी जान बचा ली गई।
घटना में खटीमा निवासी तस्लीम पुत्र लईक अपने दोस्तों के साथ टनकपुर क्षेत्र घूमने आया था। लगातार हो रही बारिश के चलते क्षेत्र के कई बरसाती नाले उफान पर हैं, जिनमें किरोड़ा नाला भी शामिल है। चेतावनियों और स्थानीय निवासियों की सलाह को नजरअंदाज कर युवक ने बाइक से नाला पार करने की कोशिश की। तेज बहाव में उसकी बाइक बह गई और वह स्वयं बीच नाले में फंस गया।
स्थानीय नागरिकों ने तत्काल घटना की सूचना कोतवाल श्री चैतन रावत को दी। SDRF और पुलिस की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर एक जोखिम भरा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि उसकी बाइक पानी के तेज बहाव में बह गई।
रेस्क्यू के दौरान टीम को एक विक्षिप्त व्यक्ति भी नाले के आसपास फंसा मिला, जिसे भी सतर्कता पूर्वक सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस रेस्क्यू अभियान में सीओ वंदना वर्मा, SDRF व पुलिस बल के जवानों की मुस्तैदी व त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
प्रशासन की अपील:
बारिश के मौसम में नदियों, नालों और बरसाती जलधाराओं को पार करने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या आपदा राहत टीम को सूचना दें।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: