🔊
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि — पूर्णागिरि मार्ग रात्रि 6 बजे से प्रातः 6 बजे तक रहेगा बंद
चंपावत, 22 जून 2025
राज्यमार्ग 108 (ककराली गेट–ठुलीगाढ़–भैरव मंदिर) के अन्तर्गत बाटनागाड़ क्षेत्र में हाल ही में हुई भारी वर्षा के कारण मार्ग पर मलवा और बोल्डर आ गए हैं। वर्तमान में जारी वर्षाकाल के कारण रात्रिकालीन समय में इस मार्ग पर भूस्खलन या अन्य आपदाजनित घटनाओं की संभावनाएं बनी हुई हैं।
प्रशासन द्वारा किसी भी संभावित जनहानि या धनहानि से बचाव तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है कि पूर्णागिरि धाम को जाने वाला यह मार्ग प्रतिदिन सायं 6 बजे से प्रातः 6 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन हेतु पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था तब तक जारी रहेगी जब तक मार्ग को पूरी तरह से सुरक्षित और सुगम नहीं बना दिया जाता।
यह आदेश जनसुरक्षा और आपदा जोखिम न्यूनीकरण की दृष्टि से तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। आदेश का उल्लंघन आपदा प्रबंधन अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय होगा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की है कि वे यात्रा की योजना बनाते समय इस निर्देश का पालन करें और अनावश्यक जोखिम से बचें।