🔊
लोहाघाट ब्लॉक के सीमांत गांवों में पंचायत चुनाव के दौरान मादक पदार्थों पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग
चंपावत, 22 जून 2025 | सूवि।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के मद्देनज़र सीमांत क्षेत्र लोहाघाट ब्लॉक के गांवों में मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता भुवन सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष मानव सेवा फाउंडेशन (दिल्ली) तथा सचिव मित्रा फाउंडेशन (मुंबई) ने पुलिस अधीक्षक चंपावत से औपचारिक अनुरोध किया है कि चुनावी माहौल में किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त एवं सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
भुवन सिंह बिष्ट ने प्रशासन से अपील की है कि युवाओं और ग्रामीणों को चुनाव के दौरान मादक प्रभावों से दूर रखने हेतु सघन निगरानी, चेकिंग अभियान, तथा जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की निष्पक्षता बनाए रखने और सामाजिक शांति के लिए यह कदम आवश्यक है।
सामाजिक संस्थाओं ने भी प्रशासन को आश्वासन दिया है कि वे इस दिशा में प्रशासन का सहयोग करेंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता फैलाने का कार्य करेंगे।