🔊
ब्लॉक कलौनी चम्पावत में चोरों का आतंक, मंदिर से लेकर टैंक तक हो रही चोरी
चम्पावत, 23 जून 2025 | विशेष संवाददाता
ब्लॉक कलौनी क्षेत्र में इन दिनों चोरी की वारदातों ने आम जनता का जीना दूभर कर दिया है। चोरों का गिरोह लगातार गाड़ियों से डीज़ल, चेम्बरों व पानी के टैंकों के ढक्कन, घरों के बाहर रखी वस्तुएं, और यहां तक कि मंदिरों के दानपात्र तक निशाना बना रहा है। ताजा घटनाओं में चोरों ने विभिन्न सरकारी कार्यालयों और पानी के टैंकों से डेगचुन के सभी ढक्कन भी उड़ा दिए हैं, जिससे क्षेत्र में खुले गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा मंडराने लगा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इन घटनाओं के पीछे आस-पास के ही कुछ आवारा और नशे के आदी बच्चों का एक गैंग सक्रिय है। यह गिरोह न केवल चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है, बल्कि क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों से गाली-गलौच कर, छेड़छाड़ कर माहौल बिगाड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, ये बच्चे नाबालिग हैं लेकिन बचपन से ही नशे की लत के शिकार हो चुके हैं और अब संगठित होकर अपराधों को अंजाम दे रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से इस गिरोह पर सख्त कार्रवाई करने, रात्रि गश्त बढ़ाने, और नशे की रोकथाम के लिए सामाजिक स्तर पर प्रयास तेज करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो यह स्थिति किसी बड़ी सामाजिक और आपराधिक समस्या को जन्म दे सकती है।