🔊
पहले ही दिन धमकदार अंदाज में नए डीएम मनीष कुमार ने अफसरों को किया अलर्ट, विकास पर आज क्या किया कल क्या करना है की कार्यसंस्कृति अपनाने पर दिया जोर
चंपावत, 23 जून 2025 | विशेष संवाददाता
नवनियुक्त जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सोमवार को कार्यभार ग्रहण करते ही जिला स्तरीय अधिकारियों की पहली बैठक में स्पष्ट कर दिया कि अब चंपावत में कामकाज की रफ्तार और कार्यशैली में ठोस बदलाव तय है। उन्होंने अपनी सधी हुई, मगर सख्त कार्यशैली से अधिकारियों को यह संदेश दे दिया कि मॉडल जिले की मुख्यमंत्री की परिकल्पना को अब अमलीजामा पहनाना है, और इसके लिए आज क्या किया और कल क्या करना है की कार्यसंस्कृति को अपनाना होगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन का प्रशासन पर भरोसा तब ही बनता है जब उनकी समस्याओं को टरकाने या लटकाने की प्रवृत्ति खत्म की जाए। अफसरों को ठोस, पारदर्शी और जिम्मेदाराना रवैया अपनाना होगा। उन्होंने दो टूक कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले व्यक्तियों की भावनाओं का सम्मान होना चाहिए और हर अधिकारी की जवाबदेही तय होगी।
जनसामान्य की समस्याओं का समाधान न होना यह दर्शाता है कि हमारी कोशिशों में कहीं न कहीं कमी रह गई है, डीएम मनीष कुमार ने कहा। उन्होंने अफसरों को यह चेतावनी भी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पारदर्शिता और जवाबदेही पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि आपका काम सिर्फ सरकारी धन व्यय करना नहीं है, बल्कि यह देखना भी है कि उसका सही व प्रभावी उपयोग हो। जिस कार्य की जिम्मेदारी आपको सौंपी गई है, उसकी पूरी जवाबदेही आपकी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता को सही कार्यों के लिए भी परेशान होना पड़े, यह बेहद चिंताजनक है, और ऐसे मामलों की गहन समीक्षा की जाएगी।
स्वच्छता से होगी पंचायतों की पहचान
जिला पंचायत के प्रशासक का कार्यभार संभालते हुए मनीष कुमार ने पंचायत स्तर पर स्वच्छता को लेकर भी गंभीर संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायतें तभी प्रभावी बनेंगी जब वे स्वच्छता में उदाहरण बनें। इसके लिए पंचायती राज संस्थाओं को नई सोच और दिशा में कार्य करना होगा।
फोटो कैप्शन:
नए जिलाधिकारी मनीष कुमार, जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ पहली बार रूबरू होते हुए।
-
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: