🔊
पंचायत चुनाव 2025 : मतदाता सूची ऑनलाइन उपलब्ध, नाम जांचें और सूची डाउनलोड करें
जनपद चंपावत में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 की तैयारियों के तहत राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची ऑनलाइन प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं। इस क्रम में मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी, पंचायती चुनाव कार्यालय, चंपावत डॉ. जी.एस. खाती ने जानकारी दी कि पंचायत चुनाव की निर्वाचक नामावलियाँ अब आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://sec.uk.gov.in पर उपलब्ध करा दी गई हैं।
चुनाव में भागीदारी सुनिश्चित करने और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे मतदाता अपने नाम की पुष्टि कर सकते हैं और विधानसभा क्षेत्र एवं मतदान केंद्र के अनुसार PDF मतदाता सूची डाउनलोड कर सकते हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि यह जानकारी जनपद की आधिकारिक वेबसाइट पर भी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए, जिससे आमजन तक इसकी पहुंच सरलता से हो सके।
यह पहल निर्वाचन प्रक्रिया में जनसहभागिता को प्रोत्साहित करने एवं सार्वजनिक सूचना के डिजिटल उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।