🔊
लोहाघाट: शिक्षक अर्जुन छतोला ने दुष्प्रचार के आरोप में 10 से अधिक लोगों को भेजा डेढ़ करोड़ का मानहानि नोटिस, मीडिया कर्मियों सहित कई व्यक्तियों पर लगाए गंभीर आरोप
लोहाघाट, 24 जून 2025
शिक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अर्जुन सिंह छतोला ने अपने विरुद्ध कथित रूप से दुष्प्रचार फैलाने और उनकी छवि को धूमिल करने के आरोप में 10 से अधिक लोगों को डेढ़ करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस जारी किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा घटनाक्रम एक राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा है।
शिक्षक अर्जुन छतोला का कहना है कि कुछ माह पूर्व उनके खिलाफ स्कूल की एक छात्रा से छेड़खानी के झूठे आरोप लगाए गए, जिनकी सच्चाई अब न्यायालय में स्पष्ट होनी बाकी है। उन्होंने दावा किया कि न्यायालय से पहले ही कुछ व्यक्तियों ने मीडिया ट्रायल के माध्यम से उनके जेल जाने की झूठी खबरें फैलाकर उनकी व्यक्तिगत और सामाजिक छवि को नुकसान पहुँचाने का प्रयास किया।
अर्जुन छतोला द्वारा जारी नोटिस में हिंदुस्तान, अमर उजाला और अमृत विचार जैसे समाचार माध्यमों से जुड़े कुछ पत्रकारों के नाम भी शामिल हैं। उनके अधिवक्ता यतीश चंद्र जोशी के अनुसार, नोटिस में सार्वजनिक माफी माँगने, प्रकाशित खबरों को हटाने, और मानहानि के हर्जाने की मांग की गई है।
अधिवक्ता जोशी ने यह भी बताया कि यदि निर्धारित समयावधि में उक्त मांगों को नहीं माना गया, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध फौजदारी एवं दीवानी मामलों में न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी, जिसमें दो वर्ष तक का कठोर कारावास या आर्थिक दंड या दोनों का प्रावधान है।
शिक्षक अर्जुन ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में भी किसी व्यक्ति द्वारा उनके विरुद्ध झूठा प्रचार किया जाता है, तो वे भारतीय कानून के तहत कठोर कानूनी कार्यवाही करेंगे।