🔊
आईटीबीपी की पहल: डुंगरी गांव में नशा मुक्ति के लिए जागरूकता रैली
लोहाघाट (चंपावत)।
आईटीबीपी के हिमवीरों ने मंगलवार को "नशा मुक्त भारत" अभियान के तहत लोहाघाट क्षेत्र से डुंगरी गांव तक जागरूकता रैली निकाली। इस रैली का उद्देश्य ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और समाज को इस बुराई से मुक्त करना रहा।
रैली की शुरुआत कमांडेंट संजय कुमार द्वारा हरी झंडी दिखाकर की गई। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति को बल्कि पूरे परिवार की शांति और भविष्य को बर्बाद कर देता है। इस सामाजिक बुराई के विरुद्ध प्रत्येक नागरिक को जागरूक होना आवश्यक है।
रैली का नेतृत्व उप सेनानी नारायण सिंह ने किया। डुंगरी गांव पहुंचने पर रैली एक जनगोष्ठी में बदल गई, जिसमें स्थानीय महिलाएं, पुरुष और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। उप सेनानी ने कहा कि कुछ लोग स्वार्थवश नशे का व्यापार कर दूसरों के जीवन को बर्बाद कर रहे हैं, जो समाज और राष्ट्र दोनों के लिए खतरा हैं। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी सामाजिक चेतना विकसित करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में इंस्पेक्टर गोपाल वर्मा, जीएस राठौर, रणजीत सिंह और एसआई सियाराम भी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने आईटीबीपी की इस पहल की सराहना की और इस मुहिम को घर-घर पहुंचाने की बात कही।
फोटो कैप्शन: डुंगरी गांव में नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाते उप सेनानी नारायण सिंह।