🔊
लोहाघाट उप जिला अस्पताल में बारिश का पानी घुसा, शौचालय की हालत बदहाल
लोहाघाट। उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में बारिश के चलते शौचालयों में पानी भरने से अव्यवस्थाओं की पोल खुल गई है। बरसात का पानी सीधे शौचालय के अंदर आ रहा है, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल की यह स्थिति प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर रही है।
यह लोहाघाट का एकमात्र अस्पताल है, जहां दूर-दूर से मरीज इलाज के लिए आते हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं का अभाव साफ नजर आ रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता भुवन सिंह बिष्ट (उपाध्यक्ष, मानव सेवा फाउंडेशन NGO) ने बताया कि इस गंभीर समस्या को तुरंत संज्ञान में लेते हुए उसका निदान किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सीएमओ चंपावत और प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को इसकी ओर ध्यान देना चाहिए। अभी तो मानसून की शुरुआत ही हुई है, यदि यही हालात रहे तो आगामी दिनों में स्थिति और भी खराब हो सकती है।
भुवन सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि लोगों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए शीघ्र उचित कार्रवाई करते हुए मरम्मत कार्य कराया जाए, जिससे मरीजों को राहत मिल सके।