🔊
नगर को स्वच्छ रखने की मुहिम जारी, खुले में कूड़ा फेंकने पर तीन मांस विक्रेताओं पर ₹3000 का जुर्माना
चंपावत, 26 जून 2025 (सू.वि.)
नगर पालिका परिषद चंपावत द्वारा नगर को स्वच्छ, सुंदर और सुसंस्कृत बनाने की दिशा में “खुले में कूड़ा फेंकने वालों की वीडियो लाओ – इनाम पाओ” अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को खुले में कूड़ा फेंकने पर तीन मांस विक्रेताओं पर कुल ₹3000 का जुर्माना लगाया गया।
अधिशासी अधिकारी श्री भरत त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान सतत रूप से चलाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालता हुआ दिखाई दे, तो उसकी वीडियो बनाकर नगर पालिका को भेजें। ऐसे जागरूक नागरिकों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा।
श्री त्रिपाठी ने कहा कि दोषी व्यक्तियों पर एंटी लिटरिंग एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नगरवासियों से अनुरोध किया कि वे कूड़ा केवल निर्धारित कूड़ेदान या पालिका के कूड़ा संग्रहण वाहनों में ही डालें, प्लास्टिक का उपयोग न करें और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने से बचें।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में नगर के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: