🔊
चंपावत में 603 फर्जी आयुष्मान कार्ड ब्लॉक, जांच और कार्रवाई जारी, फर्जीवाड़े में संलिप्त व्यक्तियों तथा कार्ड निर्माण में सहयोग देने वाले एजेंटों के विरुद्ध की जाएगी नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई ।
चंपावत, 26 जून 2025 (सू.वि.)
जनपद चंपावत में फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने जानकारी दी कि जिले में 603 फर्जी कार्डों को स्टेट हेल्थ अथॉरिटी द्वारा तत्काल प्रभाव से ब्लॉक कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि यह कार्ड उन लोगों द्वारा बनाए गए थे जो आयुष्मान भारत योजना के पात्र नहीं थे, लेकिन फिर भी योजना का अनुचित लाभ लेने का प्रयास कर रहे थे। जिला पूर्ति अधिकारी से प्राप्त राशन कार्ड की सूची के आधार पर वास्तविक लाभार्थियों का सत्यापन किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. चौहान ने कहा कि यह प्रक्रिया सुनिश्चित करेगी कि केवल योग्य और वास्तविक लाभार्थियों को ही योजना का लाभ प्राप्त हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस फर्जीवाड़े में संलिप्त व्यक्तियों तथा कार्ड निर्माण में सहयोग देने वाले एजेंटों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ केवल पात्रता के आधार पर ही लें। योजना के अंतर्गत अनुचित लाभ प्राप्त करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।