🔊
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा बैठक सम्पन्न, ऐसा कार्य करें कि शिकायत की जरूरत ही न पड़े जिलाधिकारी मनीष कुमार
चंपावत, 26 जून 2025 (सू.वि.)
जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ऐसा कार्य सुनिश्चित करें कि आमजन को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत करने की आवश्यकता ही न पड़े। उन्होंने कहा कि अधिकारी फील्ड में जाकर कार्यों की वास्तविक स्थिति का स्वयं निरीक्षण करें तथा जनता से सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का त्वरित व समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
भ्रष्टाचार के मामलों में नो टॉलरेंस नीति को दोहराते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, असंवेदनशीलता या कार्य में शिथिलता कतई स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों से सरकार जनता के द्वार अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में रुककर जनसुनवाई एवं समाधान प्रक्रिया को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि यदि कोई विभागीय अधिकारी या कर्मचारी निर्धारित समयसीमा में कार्य नहीं करता है, तो वे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 पर अपनी शिकायत अवश्य दर्ज कराएं, ताकि त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी एस खाती, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, जिला पंचायत राज अधिकारी भूपेंद्र कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।