🔊
जिलाधिकारी के निर्देश पर पूर्णागिरि मार्ग स्थित बाटनागाड़ में डायवर्जन, नाला ओपनिंग और सड़क चौड़ीकरण कार्य तीव्र गति से जारी
चंपावत, 26 जून 2025 (सू.वि.)
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में पूर्णागिरि मार्ग स्थित बाटनागाड़ क्षेत्र में नाला डायवर्जन, नाला ओपनिंग तथा सड़क चौड़ीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।
प्रशासन द्वारा यह कार्य विशेष रूप से इसलिए प्रारंभ किए गए हैं क्योंकि मानसून के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा होने पर बाटनागाड़ में जलप्रवाह अत्यधिक बढ़ जाता है, जिससे मार्ग पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ तीर्थयात्रियों की आवाजाही प्रभावित होती है।
इन कार्यों का मुख्य उद्देश्य:
जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना,
सड़क चौड़ीकरण द्वारा यातायात को सुगम बनाना,
और मानसून के दौरान किसी भी संभावित असुविधा से जनता को राहत प्रदान करना है।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में, पूर्ण गुणवत्ता के साथ सम्पन्न किए जाएं, ताकि आगामी समय में बाटनागाड़ क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह से सुरक्षित और बाधारहित बनाया जा सके।