🔊
चम्पावत: खाद्य सुरक्षा विभाग का निरीक्षण अभियान, पेय पदार्थों के लिए गए नमूने
चम्पावत, 27 जून 2025 (सूवि)।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग चम्पावत द्वारा जनपद के विभिन्न रेस्टोरेंट, फूड स्टॉल्स एवं जनरल स्टोर्स में शुक्रवार को सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं भंडारण व्यवस्था की जांच करना था।
निरीक्षण के दौरान टीम ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर एवं मिल्क शेक के दो नमूने लेकर उन्हें जांच हेतु राजकीय प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा। इसके अतिरिक्त, खाद्य कारोबार संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे कोल्ड ड्रिंक्स एवं बोतलबंद पानी को सीधे धूप में न रखें, जिससे उनकी गुणवत्ता पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
अभियान के तहत नॉनवेज खाद्य पदार्थ बेचने वाले प्रतिष्ठानों को अपने साइनबोर्ड पर स्पष्ट रूप से 'वेज' एवं 'नॉनवेज' का उल्लेख करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि उपभोक्ताओं को भ्रम की स्थिति से बचाया जा सके।
निरीक्षण दल में प्रभारी अभिहीत अधिकारी अनिल कुमार मिश्रा, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी, तथा सहायक दिनेश फर्त्याल शामिल रहे।