🔊
जनता की समस्याओं का होगा तत्काल समाधान: चंपावत में हर सोमवार को होगा जनता मिलन कार्यक्रम, शिकायतों औऱ सुझाव के साथ जिला स्तर के अधिकारीयों से मिल सकेंगे आम नागरिक
चंपावत, 28 जून 2025।
जिले के आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने जनता मिलन कार्यक्रम की शुरुआत की है। इस कार्यक्रम के तहत अब प्रत्येक सोमवार को जिला मुख्यालय में नागरिक सीधे जिलाधिकारी से मिल सकेंगे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि यह कार्यक्रम हर सोमवार सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जिला सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान वे स्वयं आम जनता की समस्याएं सुनेंगे और उन्हें मौके पर ही निस्तारित करने का प्रयास करेंगे।
डीएम ने बताया कि जनता मिलन कार्यक्रम में जिले के सभी जिला स्तरीय अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे, जिससे कि समस्याओं का तत्काल विभागीय स्तर पर समाधान हो सके। उन्होंने कहा, हमारा उद्देश्य लोगों को ऐसा मंच देना है, जहां वे अपनी बात बिना किसी बाधा के सीधे प्रशासन तक पहुँचा सकें।
डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि शिकायतों के साथ-साथ नागरिक अपने सुझाव भी दे सकते हैं, जिन्हें प्रशासनिक योजनाओं और कार्यों में समाहित करने का प्रयास किया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे आमजन को राहत मिलेगी और उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
यह कार्यक्रम जन सहभागिता और पारदर्शी प्रशासन की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।