🔊
चंपावत में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के तहत दिव्यांग एवं अशक्त मतदाताओं के लिए विशेष सहायतात्मक व्यवस्थाएं
चंपावत, 28 जून 2025 (सू.वि.)
त्रिस्तरीय पंचायतों के सामान्य निर्वाचन 2025 के तहत दिव्यांगजन और अशक्त मतदाताओं के लिए मतदान प्रक्रिया को अधिक सुगम, सहज एवं सुलभ बनाने की दिशा में राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड द्वारा विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत), चंपावत डॉ. जी. एस. खाती ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखण्ड पंचायत सामान्य निर्वाचन अधिनियम की धारा 11 के अंतर्गत समावेशी और सहायक मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
यह सुनिश्चित किया जाएगा कि—
सभी मतदान केन्द्रों पर यथासंभव रैम्प की व्यवस्था की जाए, ताकि व्हीलचेयर अथवा अन्य सहायक उपकरणों के माध्यम से दिव्यांग मतदाता सहज रूप से मतदान स्थल तक पहुँच सकें।
जो दिव्यांग मतदाता स्वयं चलने-फिरने में असमर्थ हैं, उन्हें मतदान केन्द्र तक लाने और उपरांत वापस घर पहुँचाने के लिए उनके परिजनों को वाहन प्रयोग की छूट दी जाएगी।
दिव्यांग मतदाताओं की आवश्यकतानुसार सुविधाजनक आवागमन, मार्गदर्शन और मतदान की प्रक्रिया को सरल एवं सम्मानजनक बनाया जाएगा।
डॉ. खाती ने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पूर्णतया अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा समावेशी मतदान प्रक्रिया को सशक्त बनाने हेतु समस्त सहायतात्मक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं।
यह पहल निर्वाचन प्रक्रिया में हर मतदाता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।