🔊
भाजपा ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर को छह साल के लिए किया निष्कासित, दूसरी शादी और यूसीसी पर टिप्पणी बनी कारण
देहरादून/हरिद्वार, 28 जून 2025 |
भारतीय जनता पार्टी ने ज्वालापुर से पूर्व विधायक सुरेश राठौर को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। पार्टी की इस सख्त कार्रवाई के पीछे सार्वजनिक छवि को धूमिल करने वाले आचरण और विवादित बयानों को मुख्य कारण बताया गया है।
पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर आरोप है कि उन्होंने यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) का सार्वजनिक मंचों पर मज़ाक उड़ाया और अपनी पहली पत्नी व परिवार के होते हुए सहारनपुर की एक महिला (अभिनेत्री उर्मिला सनावर) से विवाह किया। यह विवाह और उससे संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने इसे गंभीरता से लिया।
राठौर और उर्मिला के बीच लंबे समय से चल रहे आपसी विवाद और मुकदमों ने भी मामले को तूल दिया। पार्टी ने पहले उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मांगा था, लेकिन स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
भाजपा ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता और सार्वजनिक गरिमा को ठेस पहुँचाने वाले किसी भी नेता को बख्शा नहीं जाएगा।