🔊
चम्पावत में सरकारी अमले पर शिकंजा कसने की तैयारी रात 9 से 12 तक अफसर करेंगे औचक निरीक्षण, ड्यूटी से नदारद कर्मियों पर होगी सख्त कार्रवाई
चम्पावत:
पंचायत चुनाव और बरसात के मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने सरकारी मशीनरी को अलर्ट मोड पर डाल दिया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी फील्ड कर्मचारी अपने-अपने तैनाती क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से मौजूद रहें। ड्यूटी से गैरहाजिर पाए जाने पर न सिर्फ विभागीय कार्रवाई होगी, बल्कि आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत भी कार्रवाई तय मानी जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और आपदा जैसी किसी भी स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया के लिए यह अनिवार्य है कि क्षेत्रीय कार्मिक मौके पर उपलब्ध रहें। सभी कार्यालयाध्यक्षों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि उनके अधीनस्थ कर्मचारी तैनाती स्थल पर ही प्रवास करें।
प्रशासनिक सख्ती का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अब हर रात 9 बजे से लेकर 12 बजे तक जिलाधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी औचक निरीक्षण करेंगे। यह निरीक्षण किसी पूर्व सूचना के बिना होगा और इसका उद्देश्य जमीनी हकीकत का मूल्यांकन करना है।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। संबंधित अधिकारी की जवाबदेही भी तय की जाएगी और उनके खिलाफ भी अनुशासनात्मक कदम उठाए जाएंगे।