🔊
खेतीखान चम्पावत -घर के अंदर घुसा गुलदार, कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर
घर के अंदर घुसा गुलदार, कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर
लोहाघाट, चंपावत | संवाददाता
जनपद चंपावत के लोहाघाट विकासखंड के अंतर्गत आने वाले खेतीखान क्षेत्र के सुनार गांव में रविवार रात गुलदार के घर में घुस आने की घटना से ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि गुलदार देर रात एक घर की सीढ़ियां चढ़कर अंदर प्रवेश करने लगा। यह पूरा दृश्य ग्रामीणों द्वारा कैमरे में कैद कर लिया गया है, जो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
गांव के प्रमुख प्रगतिशील किसान प्रदीप जोशी ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से गुलदार की गतिविधियां देखी जा रही थीं, लेकिन बीती रात वह सीधे घर के अंदर घुसने लगा, जिससे गांव में डर का माहौल बन गया है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर परिजन बेहद चिंतित हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार बेधड़क घूम रहा है और कभी भी बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है। उन्होंने वन विभाग से तत्काल पिंजड़ा लगाए जाने और गश्त बढ़ाने की मांग की है।
फोटो विवरण:
ग्रामीणों द्वारा लिया गया वह दृश्य, जिसमें गुलदार घर के भीतर प्रवेश करता नजर आ रहा है।
प्रभाव:
ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल
बच्चों को घर से बाहर निकलने पर रोक
वन विभाग की कार्रवाई पर नज़र