🔊
टनकपुर में सड़क ऊँचाई और जल निकासी की अनदेखी बनी जलभराव की बड़ी वजह, जनता परेशान
टनकपुर, चंपावत | 30 जून 2025
टनकपुर नगर में इन दिनों भारी वर्षा के चलते आम जनता को जलभराव की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन यह समस्या केवल प्राकृतिक कारणों से नहीं, बल्कि नगर की गलत इंजीनियरिंग और अव्यवस्थित विकास कार्यों का परिणाम भी है।
नगर की अंदरूनी सड़कों को अनियोजित रूप से ऊँचा किए जाने से जलभराव के स्थानों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण पोस्ट ऑफिस कंपाउंड के अंदर और बाहर का इलाका है, जहाँ सोमवार को 8 से 10 इंच तक पानी भर गया। इसी प्रकार शास्त्री मूर्ति से लेकर चंद कॉलोनी तक की सड़क पर भी यही हाल रहा, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सभी नालियां बंद पड़ी थीं और जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं थी। सड़कों का स्तर आस-पास के घरों और दुकानों से इतना ऊपर कर दिया गया है कि मामूली बारिश में भी पानी घरों में घुस जाता है।
डामरीकरण पर उठे सवाल
नगर क्षेत्र में हाल ही में हुए डामरीकरण कार्यों पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने पूछा है कि जिन सड़कों पर पहले से ही 18 इंच मोटा डामर मौजूद था, वहां क्या वाकई फिर से भारी डामरीकरण की आवश्यकता थी? साथ ही, यह भी जांच का विषय है कि इन सड़कों का अलाइनमेंट (समतलता) और ढाल (स्लोप) ठीक से बनाया गया या नहीं।
प्रशासन से की गई अपील
जनता की ओर से प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि नगर में जिन-जिन स्थानों पर जलभराव हो रहा है, वहां प्राथमिकता के आधार पर जल निकासी की ठोस व्यवस्था की जाए। साथ ही, नगर में हुए डामरीकरण और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं आवश्यकता की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।