🔊
एबीवीपी का बिगुल -महाविद्यालय गंगोलीहाट में अनिश्चितकालीन धरना शुरू, छात्र नेता बोले -तीन माँगें - एक संकल्प, अब नहीं रुकेगा संघर्ष
गंगोलीहाट, 14 अगस्त 2025, सूवि।
गंगोलीहाट महाविद्यालय में शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) तथा समस्त छात्र-छात्राओं ने आज से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की शुरुआत कर दी। धरना महाविद्यालय परिसर में जारी है और इसमें छात्रों का जोश एवं एकजुटता साफ देखने को मिल रही है।
छात्रों की तीन प्रमुख मांगें
BA की सीट वृद्धि - इस वर्ष स्नातक (BA) में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या निर्धारित सीटों से काफी अधिक है। सीटें सीमित होने के कारण कई छात्रों का नामांकन अधर में अटक गया है, जिससे उनका भविष्य संकट में है।
MA कक्षाओं की शुरुआत – गंगोलीहाट क्षेत्र के स्नातक पास छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे न केवल आर्थिक बोझ बढ़ता है बल्कि कई छात्र सामाजिक कारणों से आगे की पढ़ाई छोड़ देते हैं।
नए भवन तक सड़क निर्माण – महाविद्यालय का नया भवन बनकर तैयार है, लेकिन वहां तक सड़क न होने के कारण कक्षाओं का संचालन संभव नहीं हो पा रहा है।
छात्रों का बयान
धरना स्थल पर तख्तियां, बैनर और नारेबाजी के साथ छात्रों का जमावड़ा रहा।
छात्र नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा -
जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन थमेगा नहीं। अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह संघर्ष जन-आंदोलन का रूप लेगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
छात्रों का कहना है कि यह लड़ाई सिर्फ वर्तमान छात्रों के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए भी है।
उपस्थित छात्र नेता
अमित वर्मा - छात्र संघ कोषाध्यक्ष
गौरव बोरा -नगर मंत्री
गौरव पंत - छात्र नेता
राहुल खाती - छात्र नेता
छात्र नेताओं ने कहा कि धरना तब तक जारी रहेगा जब तक प्रशासन इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेता। इस बीच, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से भी आंदोलन के समर्थन में आगे आने की अपील की गई है।