🔊
गंगोलीहाट कॉलेज में छात्रों का आंदोलन तेज, एबीवीपी का अनिश्चितकालीन धरना जारी, तीन मांगें पूरी करो, वरना गूंजेगा गंगोलीहाट
गंगोलीहाट, 18 अगस्त 2025।
गंगोलीहाट महाविद्यालय में छात्रों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नेतृत्व में छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को भी जारी रहा। कॉलेज परिसर में सैकड़ों छात्र-छात्राएं नारेबाजी करते हुए तीन प्रमुख मांगों को लेकर डटे रहे।
धरना स्थल पर गूंजते रहे नारे:
सीट बढ़ाओ -भविष्य बचाओ
एमए कक्षाएं चालू करो - छात्रों को पलायन से बचाओ
सड़क दो - शिक्षा को गति दो
छात्रों की तीन बड़ी मांगें
1. बीए की सीट वृद्धि - दर्जनों छात्र एडमिशन से वंचित हैं।
2. एमए कक्षाओं की शुरुआत -उच्च शिक्षा के लिए स्थानीय छात्रों को बाहर जाना पड़ रहा है।
3. नए भवन तक सड़क निर्माण -करोड़ों की लागत से तैयार भवन बिना सड़क के बेकार पड़ा है।
छात्र नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी कि अब सब्र का बांध टूट चुका है। यदि हमारी मांगों पर तुरंत ठोस निर्णय नहीं हुआ तो यह आंदोलन गंगोलीहाट से निकलकर पूरे जिले में फैल जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
धरने पर मौजूद छात्रों ने ऐलान किया कि अबकी बार संघर्ष निर्णायक होगा और किसी भी तरह का आधा-अधूरा समाधान स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आंदोलन में सक्रिय छात्र-छात्राएं
अमित वर्मा (छात्र संघ कोषाध्यक्ष), गौरव बोरा (नगर मंत्री), गौरव पंत, राहुल खाती, तनुज पांडे, करन कुमार, नेहा, अनुष्का और सलोनी समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं लगातार धरना स्थल पर डटे हुए हैं।