🔊
बड़ा हादसा :- पहाड़ से गिरे बोल्डर ने ली मासूम की जान, चार घायल बरसात में बढ़ते भूस्खलन और बोल्डरों का खतरा बना चिंता का विषय
पिथौरागढ़। 19 अगस्त 2025
जिला मुख्यालय से मात्र 10 किमी दूर नैनीसैनी क्षेत्र के देवत गांव में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। देर रात करीब 1:30 बजे पहाड़ी से विशाल बोल्डर नीचे गिरते हुए रघुवीर प्रसाद और नरेश प्रसाद पुत्र स्व. शिवराम के मकान में जा घुसे। हादसे में दिल्ली से मायके आई बहन शालिनी (40) पत्नी सुनील का 11 वर्षीय पुत्र पूज्य उर्फ प्रिंस दबकर मौके पर ही मौत के घाट उतर गया, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक घटना के समय मृतक के पिता और दोनों मामा पूजा की तैयारी के चलते घर से बाहर थे। घर में शालिनी अपने बेटे, भाइयों की पत्नियों और बच्चों के साथ सो रही थी। अचानक गिरा बोल्डर दीवारें तोड़ते हुए भीतर घुस गया। भारी पत्थर की चपेट में आने से मासूम प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शालिनी, रघुवीर की पत्नी सोनिया देवी, छोटे भाई की पत्नी गीता देवी और उसके सात वर्षीय जुड़वा बेटे सत्यम-शिवम घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। बड़ी मशक्कत के बाद बच्चे का शव बोल्डरों के नीचे से निकाला गया। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई।
मंगलवार सुबह सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। राजस्व विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले इस तरह पहाड़ टूटने और बोल्डर गिरने की घटनाएं कम ही होती थीं, लेकिन अब हर वर्ष बरसात में इस प्रकार की आपदाएं बढ़ती जा रही हैं।