🔊
गंगोलीहाट महाविद्यालय में सीट वृद्धि आंदोलन सफल -प्रशासन ने मानी पहली मांग, छात्रों की ऐतिहासिक जीत, अब एम.ए. कक्षाएं और सड़क निर्माण की मांग को लेकर संघर्ष तेज़ होगा
गंगोलीहाट।
महाविद्यालय गंगोलीहाट में चल रहे एबीवीपी, छात्र संघ एवं समस्त छात्र-छात्राओं के संघर्ष ने आज बड़ी जीत दर्ज की। बी.ए. में सीट वृद्धि की छात्रों की प्रमुख माँग को आखिरकार प्रशासन ने मान लिया है।
इस निर्णय से महाविद्यालय के विद्यार्थियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। छात्र संघ पदाधिकारियों और एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने इसे “छात्र शक्ति और एकजुटता की जीत” बताया।
छात्र संघ पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आंदोलन अभी समाप्त नहीं हुआ है। अब भी दो प्रमुख माँगें शेष हैं
1- गंगोलीहाट महाविद्यालय में एम.ए. कक्षाओं की शुरुआत
2- महाविद्यालय तक सड़क निर्माण और बुनियादी ढाँचे का सुधार
छात्र संघ कोषाध्यक्ष अमित वर्मा ने कहा, “यह जीत साबित करती है कि जब छात्र-छात्राएं संगठित होकर आवाज़ उठाते हैं तो प्रशासन को झुकना पड़ता है। अब हमारी बाकी मांगों के लिए संघर्ष और भी तेज़ होगा।”
नगर मंत्री गौरव बोरा और गौरव पंत ने भी कहा कि जब तक सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।