🔊
वर्तमान सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर बहुउद्देशीय एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन
चम्पावत: वर्तमान सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर "जन सेवा" थीम के तहत बहुउद्देशीय शिविर एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। प्र जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा ने बताया कि 28 मार्च 2025 को विकास खंड परिसर, बाराकोट में प्रातः 11:00 बजे से शिविर आयोजित होगा। इसी तरह 29 मार्च 2025 को विकास खंड परिसर, पाटी में भी शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभार्थियों को आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं दवा वितरण किया जाएगा, जबकि श्रम विभाग श्रमिक पंजीकरण, पहचान पत्र वितरण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देगा।
इसके अलावा कृषि, पशुपालन एवं उद्यान विभाग द्वारा किसानों को उन्नत बीज, जैविक खेती की जानकारी एवं कृषि यंत्र अनुदान दिया जाएगा। शिक्षा विभाग छात्रवृत्ति एवं प्रवेश संबंधी जानकारी प्रदान करेगा, वहीं राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र बनवाने एवं आपदा प्रबंधन से जुड़ी जानकारी देगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ एवं महिला स्वावलंबन योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, जबकि समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धावस्था, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन योजनाओं से जुड़ी जानकारी एवं लाभ दिया जाएगा।
विद्युत एवं पेयजल विभाग घरों में बिजली कनेक्शन, जल जीवन मिशन योजना एवं बिजली बिल से संबंधित समस्याओं के समाधान पर कार्य करेगा।
प्र जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा ने सभी संबंधित विभागों एवं जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए हैं कि वे कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु समन्वय स्थापित करें। क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गई है।