🔊
गंगोलीहाट में मुख्यमंत्री चौपाल, 37 शिकायतें हुई दर्ज - आठ का मौके पर निस्तारण
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। तहसील स्तर की समस्याओं के समाधान हेतु जिलाधिकारी के निर्देश पर रविवार को विकासखंड सभागार में मुख्यमंत्री चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी पिथौरागढ़ योगेंद्र सिंह ने की।
शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क आदि विभागों से संबंधित 37 शिकायतें ग्रामीणों द्वारा उठाई गईं। इनमें से आठ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को जनता की समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।
प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद
चौपाल कार्यक्रम में एसडीएम यशवीर सिंह, तहसीलदार आर.जी. गोस्वामी, नव नियुक्त ब्लॉक प्रमुख विनोद प्रसाद, खंड विकास अधिकारी नेहा कुमारी, सहायक अभियंता जगदीश गुज्याल, डॉक्टर पवन कार्की, थानाध्यक्ष गंगोलीहाट व बेरीनाग सहित पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई, पशुपालन समेत सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
शिक्षा में सुधार की मांग
ग्राम प्रधान हरीश दुर्गापाल (फुटसिल) ने अपने गांव की समस्याएँ रखते हुए प्रदेश स्तर पर शिक्षा में गुणात्मक सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि गेस्ट टीचरों की नियुक्ति प्राथमिक स्तर से शुरू की जाए, ताकि सरकार को आर्थिक बचत हो, ग्रामीण युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिले और अध्यापकों की कमी दूर हो सके।