🔊
चम्पावत में सुरक्षित दवा सुरक्षित जीवन अभियान के तहत मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण
चम्पावत, 2025: शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत के तत्वाधान में सुरक्षित दवा सुरक्षित जीवन अभियान के अंतर्गत मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया गया। इस अभियान का नेतृत्व सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भवदीप रावते ने किया। निरीक्षण के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर नीरज, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रजीत पांडे, मुख्य फार्मेसिस्ट विष्णु गिरि तथा चम्पावत थाने की पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोरों में एक्सपायरी दवाओं की जांच की गई और यह भी देखा गया कि इनका निस्तारण सही तरीके से किया जा रहा है या नहीं। इसके अतिरिक्त, मरीजों को बेची जाने वाली दवाइयों के पक्के बिल जारी करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। साथ ही, मेडिकल स्टोरों में फार्मेसिस्ट की उपस्थिति और उनके लाइसेंस की प्रमाणिकता की भी जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान कुछ मेडिकल स्टोरों में कमियां पाई गईं, जिन्हें दूर करने के निर्देश दिए गए। मौके पर मौजूद मरीजों को एक्सपायरी दवाओं के प्रति सतर्क रहने और खरीदारी के बाद पक्का बिल लेने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भवदीप रावते ने कहा कि यह अभियान पूरे चम्पावत जिले में आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे जागरूक रहें और किसी भी तरह की अनियमितता की सूचना संबंधित विभाग को दें।
#सुरक्षित_दवा_सुरक्षित_जीवन_अभियान_2025
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: