🔊
गंगोलीहाट में भाजपा नगर मंडल की बैठक सम्पन्न, सेवा पखवाड़ा मनाने की बनी रणनीति
गंगोलीहाट। आगामी सेवा पखवाड़ा को लेकर भाजपा नगर मंडल कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक नगर मंडल अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री एवं डीडीहाट की पूर्व पालिका अध्यक्ष श्रीमती कमला चुफाल मौजूद रहीं।
बैठक को संबोधित करते हुए श्रीमती चुफाल ने गंगोलीहाट को महाकाली की भूमि बताते हुए कहा कि यहां के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितम्बर को सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जाएगा, जो 2 अक्टूबर तक चलेगा। इस अवधि में रक्तदान शिविर, फल वितरण, साफ-सफाई अभियान, खेलकूद प्रतियोगिताएं एवं मंदिरों में पूजा-पाठ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्म दिवस 16 सितम्बर को होने के कारण सेवा पखवाड़े की शुरुआत 16 सितम्बर से ही कर दी जाएगी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं दर्जा राज्य मंत्री नारायण राम आर्य ने कहा कि भाजपा सदैव जनता की सेवा के लिए समर्पित रही है और वे स्वयं निरंतर जनसेवा करते रहेंगे।
बैठक में कार्यक्रम के संयोजक नगर पालिका अध्यक्ष विमल रावल एवं सह संयोजक रमेश बोरा तथा हरीश चंद्र दुर्गापाल को जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक का मंच संचालन नगर मंडल महामंत्री राकेश पाठक ने किया।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: