🔊
कर्तव्य संग समाजसेवा - पिथौरागढ़ पुलिस का जज़्बा
पिथौरागढ़। बरसात के दौरान घाट चौकी गेट के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने सुरक्षा दीवार के कारण मलबा सड़क पर जमा होकर वाहनों के लिए खतरा बन रहा था। इस वजह से दोपहिया वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी हुई थी। कुछ दिन पूर्व इसी स्थान पर एक चौपहिया वाहन भी पलट चुका था।
स्थानीय लोगों की सुरक्षा को देखते हुए चौकी घाट में तैनात हेड कांस्टेबल उमेश चंद्र सती और हेड कांस्टेबल नंदन अधिकारी ने सराहनीय पहल की। दोनों पुलिसकर्मी खुद बेलचा-फावड़ा लेकर सड़क पर फैला मलबा हटाने में जुट गए। अथक प्रयास से उन्होंने सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए सुरक्षित और सुगम बना दिया।
हालांकि एनएच विभाग को कई बार इस समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन सफाई न होने पर पुलिसकर्मियों ने आगे बढ़कर यह मानवीय कार्य किया। उनके इस प्रयास ने न केवल स्थानीय जनता को राहत दी, बल्कि पिथौरागढ़ पुलिस की संवेदनशीलता और जनसेवा के भाव को भी उजागर किया।
पिथौरागढ़ पुलिस ने कहा है कि जनता की सुरक्षा और सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी संकल्प के साथ वे हर समय तत्पर हैं।