🔊
गंगोलीहाट में सेवा पखवाड़े के तहत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन, 1240 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच
गंगोलीहाट। सेवा पखवाड़े के अंतर्गत पीएम श्री महाकाली इंटर कॉलेज गंगोलीहाट में शनिवार को बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष विमल रावल ने की, मुख्य अतिथि विधायक फकीर राम टम्टा तथा विशिष्ट अतिथि क्षेत्र प्रमुख विनोद प्रसाद रहे।
शिविर में बिजली, पानी, सड़क समेत विभिन्न समस्याओं का समाधान किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए कैंप में सबसे अधिक भीड़ रही, जहां 1240 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई और जिला चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का उपचार किया। 447 पशुओं का उपचार पशुपालन विभाग द्वारा किया गया। तहसील प्रशासन ने मौके पर 29 प्रमाणपत्र जारी किए, जबकि 89 अल्ट्रासाउंड जांचें संपन्न हुईं।
भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल द्वारा लगाए गए कैंप में 61 रक्तदाताओं का पंजीकरण किया गया। चिकित्सा विभाग ने 23 दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी किए। वहीं, समाज कल्याण विभाग ने 32 दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित किए, हालांकि एक दिव्यांग उपकरण न मिलने से निराश दिखा।
आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक चिकित्सा स्टॉल में भी भारी भीड़ रही, यहां तक कि समय से पहले दवाएं समाप्त हो गईं, जिससे स्पष्ट हुआ कि लोग फिर से पारंपरिक चिकित्सा की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
विधायक फकीर राम टम्टा ने कहा कि इस तरह के शिविर हर न्याय पंचायत स्तर पर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे गरीबों को द्वार पर ही सुविधाएं मिल सकें। नगर पालिका अध्यक्ष विमल रावल ने कहा कि वह मुख्यमंत्री से अनुरोध करेंगे कि ऐसे शिविर नियमित अंतराल पर आयोजित किए जाएं।
शिविर में मीना गंगोला, रविन्द्र डसीला, कविता डोभाल, हरीश दुर्गापाल, रमेश बोरा, लिखित पंत, कृष्णा बोहरा, मनोज टम्टा, हयात बोरा, संजेश मेहता, भगवान डोभाल, सहायक मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अर्चना कौशिक, प्रशांत कौशिक, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, परियोजना निदेशक आशीष पुनेठा, उप जिलाधिकारी यशवीर सिंह, बीडीओ नेहा कुमारी, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पवन कार्की, सहायक विकास अधिकारी रावत और सहायक बीडीओ बसंत पांडे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।