🔊
छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर एबीवीपी का विरोध प्रदर्शन, गंगोलीहाट महाविद्यालय में सांकेतिक तालाबंदी और नारेबाजी
गंगोलीहाट। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) गंगोलीहाट इकाई द्वारा आज दिनांक 08 सितम्बर 2025 को गंगोलीहाट महाविद्यालय परिसर में छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर सांकेतिक तालाबंदी की गई।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय प्रशासन और कुलपति के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। संगठन ने मांग की कि छात्र संघ चुनाव की तिथि शीघ्र घोषित की जाए और चुनावी कार्यक्रम की रूपरेखा सार्वजनिक की जाए।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व एबीवीपी कॉलेज अध्यक्ष तनुज पांडे ने किया। कार्यक्रम में पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष गौरव बोरा, नगर मंत्री अमित वर्मा, सह मंत्री किशन भाटिया, अभय दीप, अभय पर्गाई, मनीष भाटिया, अरुण सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कहा कि प्रतिनिधित्व का अधिकार हर छात्र का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन इसे लगातार टाल रहा है, जो कि अलोकतांत्रिक कदम है।
एबीवीपी ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र छात्र संघ चुनावों की तिथि घोषित नहीं की गई, तो परिषद आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।