🔊
विदेशी मदिरा की दुकान में अवैध बिक्री का विरोध - छात्र संघ ने किया प्रदर्शन, आबकारी अधिकारी का पुतला फूंका
गंगोलीहाट। गंगोलीहाट स्थित विदेशी मदिरा की दुकान पर अवैध शराब बिक्री के विरोध में छात्र संघ शहीद पवन सिंह सुगड़ा महाविद्यालय के प्रतिनिधियों ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि दुकान में कार्यरत एक कर्मचारी द्वारा निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब बेची जा रही है।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने आबकारी अधिकारी का पुतला दहन कर प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त किया। छात्र संघ ने मांग की कि अवैध बिक्री के लिए जिम्मेदार ठेकेदार का लाइसेंस निरस्त किया जाए और दुकान में निर्धारित मूल्य पर ही बिक्री सुनिश्चित की जाए।
आंदोलन का नेतृत्व विश्वविद्यालय प्रतिनिधि अभय सिंह परगाई द्वारा किया गया। छात्र संघ ने यह भी निर्णय लिया है कि इस संबंध में एक शिकायत पत्र निरीक्षक कोतवाली गंगोलीहाट को सौंपा जाएगा।
छात्रों की इस जायज मांग को भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दर्पण कुमार और नगर पालिका अध्यक्ष विमल रावल ने पूर्ण समर्थन देते हुए कहा कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जानी चाहिए।