🔊
गंगोलीहाट में इंडेन गैस उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानी, रिफिलिंग के लिए करना होगा 28 दिन का इंतजार।
गंगोलीहाट। क्षेत्र में गैस आपूर्ति और रिफिलिंग को लेकर उपभोक्ताओं को इन दिनों तकनीकी समस्याओं के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सर्वर में खराबी के चलते गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली प्रभावित हुई है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं।
इंडेन गैस एजेंसी गंगोलीहाट के प्रबंधक सुरेश सिंह ने बताया कि वर्तमान में सर्वर में तकनीकी समस्या चल रही है, जिसके कारण कई प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी नहीं हुई है, वे गैस रिफिलिंग से पहले इसे जरूर पूरा करा लें, ताकि भविष्य में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एजेंसी के आंकड़ों के अनुसार वर्तमान में कुल 1137 घरेलू गैस कनेक्शन हैं, जिनमें से लगभग 500 कनेक्शन निष्क्रिय हैं। वहीं 87 व्यावसायिक कनेक्शनों में से 51 ही सक्रिय स्थिति में हैं।
प्रबंधक सुरेश सिंह ने बताया कि नए नियमों के तहत अब गैस सिलेंडर की रिफिलिंग के लिए उपभोक्ताओं को कम से कम 28 दिन का इंतजार करना होगा। इससे उन लोगों को अधिक परेशानी हो सकती है जो कम अंतराल में सिलेंडर भरवाते रहते हैं।
उन्होंने बताया कि फिलहाल सर्वर की समस्या के कारण रिफिल की बुकिंग नहीं हो पा रही है, हालांकि एजेंसी में गैस स्टॉक की कोई कमी नहीं है। समस्या को दूर करने के प्रयास तेजी से किए जा रहे हैं, ताकि जल्द ही सेवाएं सामान्य हो सकें।
साथ ही उन्होंने व्यावसायिक उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि फिलहाल स्टॉक उपलब्ध रहने तक सेवाएं जारी रहेंगी।