🔊
सीमांत पिथौरागढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, सेना के जवान समेत 3 लोगों की मौत, एक गंभीर घायल।
सीमांत पिथौरागढ़ जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। बंगापानी क्षेत्र में उमरगड़ा के पास एक कार गहरी खाई में गिर गई, जिसमें सेना के एक जवान सहित 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली नंबर की कार (DL 3 CC N 3785) पिथौरागढ़ से मुनस्यारी की ओर जा रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे बंगापानी के उमरगड़ा के पास कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इनमें से एक घायल ने बाद में दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या तीन हो गई। अब एक घायल युवक का इलाज चल रहा है।
हादसे में एक सेना के जवान की मौत होने से क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत-बचाव कार्य कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।