🔊
गंगावली जिला बनाने की मांग तेज, सबका विकास पार्टी का दो दिवसीय धरना शुरू।
गंगोलीहाट। उत्तराखंड राज्य गठन के बाद से लंबित गंगावली जिला की मांग एक बार फिर जोर पकड़ती नजर आ रही है। क्षेत्रीय जनता की इस पुरानी मांग को लेकर अब सबका विकास पार्टी ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। पार्टी ने 18 मार्च से दो दिवसीय धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
धरने से पहले मुख्य चौराहे पर आयोजित जनसभा में &
गंगावली जिला बनाओ समिति के अध्यक्ष गणेश बोरा और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हरीश चंद्र शर्मा उर्फ नरेंद्र उत्तराखंडी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अब यह लड़ाई निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है।
201 ग्राम पंचायतों को जोड़ने का प्रस्ताव
पार्टी द्वारा मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में प्रस्ताव रखा गया है कि गंगोलीहाट ब्लॉक की 117 और बेरीनाग ब्लॉक की 84 ग्राम पंचायतों को मिलाकर नया गंगावली जिला बनाया जाए। ज्ञापन में तर्क दिया गया है कि यह क्षेत्र सरयू और रामगंगा नदियों से प्राकृतिक रूप से अलग है और वर्तमान जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ से दूरी के कारण विकास से वंचित है।
प्रशासन को दी चेतावनी
तहसीलदार के माध्यम से भेजे गए पत्र में पार्टी ने प्रशासन पर लगातार अनदेखी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि इस बार भी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। पार्टी ने यह भी कहा कि धरने के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
संघर्ष समिति का समर्थन
इस आंदोलन को गंगावली जिला बनाओ संघर्ष समिति का भी व्यापक समर्थन मिला है। ज्ञापन पर डॉ. हरीश चंद्र शर्मा के साथ मनोज माहरा, गोपाल सिंह धानिक, दीपक सिंह धानिक, राजेश जोशी, राजेंद्र सिंह, दरपान सिंह, गोविंद सिंह, नरेश सिंह और जोगा सिंह सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों के हस्ताक्षर शामिल हैं।
कुल मिलाकर, गंगावली जिला गठन की मांग अब एक बार फिर जनांदोलन का रूप लेती दिख रही है। आने वाले दिनों में शासन का रुख इस मुद्दे पर क्या रहता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: