🔊
गंगोलीहाट के रा.ब.पू.ला.वि.बि.मं. इंटर कॉलेज में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान
गंगोलीहाट। नगर के प्रतिष्ठित रा० ब० पू० ला० वि० बि० मं० इंटर कॉलेज में वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रिटायर्ड बैंक मैनेजर उत्तम मिश्रा, हरीश दुर्गापाल एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर जोशी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
हाईस्कूल वर्ग में नैतिक जोशी, विजेन्द्र रौतेला, पंकज मेहता, विनय मेहरा, साक्षी बिष्ट, कशिश एवं दिया नेगी को सम्मानित किया गया। वहीं इंटरमीडिएट वर्ग में नितेश रौतेला, हिमांशु परगाई, सत्यदीप सिंह, अनुराग रौतेला, दीपिका मेहरा एवं सुहानी परगाई को सम्मान प्राप्त हुआ।
मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही जीवन में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर जोशी ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें और उसी दिशा में निरंतर प्रयासरत रहें। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों, अतिथियों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी प्रवक्ता बहादुर सिंह बैंगला ने किया। समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।