🔊
22 जून को गंगोलीहाट में होगा बृहद विद्यार्थी-शिक्षक सम्मान समारोह।
गंगोलीहाट। क्षेत्र में शिक्षा को प्रोत्साहित करने और मेधावी छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से आगामी 22 जून को एक भव्य विद्यार्थी-शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। यूथ आर्मी गंगोलीहाट के संयोजन में होने वाला यह कार्यक्रम पीएम श्री अटल उत्कृष्ट महाकाली इंटर कॉलेज, गंगोलीहाट में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक एवं सामाजिक कार्यकर्ता विजय चंद्रा (पप्पू प्रधान) ने बताया कि इस वर्ष की बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले गंगोलीहाट विकासखंड के लगभग 200 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों एवं अतिथियों की सुविधा के लिए मध्यान्ह भोजन (लंच) की विशेष व्यवस्था की गई है। यूथ आर्मी गंगोलीहाट ने क्षेत्र के बुद्धिजीवियों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मेधावियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
यह आयोजन शिक्षा के प्रति समर्पण, प्रतिभा के सम्मान और युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।